बाल गीत
मम्मी -मम्मी जल्दी आओ।
बात एक हमको बतलाओ।
सूरज दिन में क्यूँ आता है?
बोलो रात कहाँ जाता है?
रात रहे अम्बर में तारे।
सुबह कहाँ जाते हैं सारे?
सुबह शाम पंछी आते हैं।
आ के गाना क्यों गाते हैं?
फूलों पर भौरे मंडराते।
बोलो भौरे क्या हैं पाते?
तितली हमको क्यों भाती है?
हाथ लगाओ उड़ जाती है।
मछली जल में कैसे जिंदा?
उड़ती कैसे भला परिंदा?
बोलो कब हम उड़ पाएंगे?
चंदा मामा घर जाएंगे।
रचानाकार- दिलीप कुमार वर्मा
बलौदाबाजार छत्तीसगढ़
No comments:
Post a Comment